Pages

Monday, 21 April 2025

होर्डिंग व बोर्ड को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।


 बाराबंकी। प्राइम भारत न्यूज़।


जिले में नगर पालिका परिषद नवाबगंज और नगर पंचायत प्रशासन द्वारा रविवार को अवैध तरीके से शहर व कस्बों के मुख्य मार्गों के किनारे और स्ट्रीट लाइट के पोल पर लगाए गए होर्डिंग व बोर्ड को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।


नगर विकास विभाग के निर्देश पर तीन दिवसीय अभियान की शुरुआत नवाबगंज नगर के मुख्य मार्ग स्थित टेस्टीबाइट से की गई। इस अभियान में नगर पालिका नवाबगंज और जिले की सभी नगर पंचायतों के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सैकड़ों की संख्या में सड़क किनारे लगे अवैध होर्डिंग और बोर्डों को हटाकर नगर पालिका कर्मचारियों ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।


प्राइम भारत न्यूज़ को नगर पालिका परिषद नवाबगंज से मिली जानकारी के अनुसार, जिले की सभी नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और अन्य कर्मचारीगण अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहकर इस कार्यवाही को अंजाम दे रहे हैं।


नगर पालिका परिषद नवाबगंज के ईओ ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों, पोल और मुख्य मार्गों पर बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापन बोर्डों, पोस्टर व होर्डिंग्स से शहर की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ता है, साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसी कारण शासन के निर्देश पर सख्ती से इन्हें हटाने की कार्यवाही की जा रही है।


इस तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत हर नगर पंचायत अपने क्षेत्र में लगे अवैध विज्ञापनों, पोस्टरों और होर्डिंग्स की सूची बनाकर उन्हें हटाने की प्रक्रिया में जुटी है।


नगर प्रशासन ने आमजन और व्यापारियों से भी अपील की है कि वे बिना अनुमति किसी भी सार्वजनिक स्थल पर विज्ञापन सामग्री न लगाएं, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।


प्राइम भारत न्यूज़ की न्यूज़ डेस्क के अनुसार, इस तरह के अभियान से शहर का सौंदर्यीकरण भी होगा और आम नागरिकों को स्वच्छ व व्यवस्थित वातावरण मिल सकेगा।

1 comment: