Monday, 27 July 2026

तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार अरशद जमाल गंभीर रूप से घायल





प्राइम भारत न्यूज

रिपोर्ट_ मो अहमद

बाराबंकी। जनपद के वरिष्ठ पत्रकार व राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एवं समय न्यूज़ से जुड़े अरशद जमाल बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। असैनी मोड़ के निकट हुए इस हादसे में उनके बाएं पैर की हड्डी तीन स्थानों से टूट गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (लोहिया हॉस्पिटल) में आपरेशन की सलाह दी। चिकित्सकों के अनुसार उनके पैर का ऑपरेशन कर मेटल प्लेट्स लगाई जाएंगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार अरशद जमाल अपनी कार की ड्राइविंग सीट से उतर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक महिला स्कूटी सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके बाएं पैर के निचले हिस्से में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए उन्हें संभाला और तत्काल उपचार के लिए एंबुलेंस द्वारा रफ़ी अहमद किदवई स्मारक जिला अस्पताल, बाराबंकी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा एक्स-रे कराने पर पता चला कि उनके बाएं पैर की हड्डी तीन स्थानों से फ्रैक्चर हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद पैर पर अस्थायी प्लास्टर चढ़ाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि चोट गंभीर होने के कारण सर्जरी आवश्यक है। ऑपरेशन के दौरान टूटी हुई हड्डी को जोड़ने के लिए मेटल प्लेट्स लगाई जाएंगी, जिससे उनका पैर सामान्य स्थिति में आ सके। हादसे की खबर फैलते ही पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों में चिंता की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने पहुंचे तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं अनेक लोगों ने फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद अहमद, जिला प्रभारी ऋषभ सैनी, प्रदेश अध्यक्ष सगीर अमनुल्लाह, पत्रकार चौधरी उस्मान, योगेश मौर्या, सलीम शहज़ादे, पूर्व सभासद एडवोकेट आसिफ़, समाजसेवी विनोद कुमार वर्मा 'बिन्नी बारी', सुधीर सोनी, अरशद शेख सहित अनेक पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने अरशद जमाल के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए उनके सफल ऑपरेशन और शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय लौटने की कामना की।

यूरिया-डीएपी की किल्लत और कस्बा बंकी की जनसमस्याओं को लेकर किसान संगठन ने सौंपा ज्ञापन

 




जिला अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप, कहा बंकी नगर पंचायत में फैले भ्रष्टाचार को उजागर करने पर मिल रही है धमकिया


प्राइम भारत टाइम्स 

रिपोर्ट _ ऋषभ सैनी 


बाराबंकी। भारतीय किसान मजदूर यूनियन दशहरी संगठन के प्रदेश सचिव एवं जिलाध्यक्ष बाराबंकी निहाल अहमद सिद्दीकी ने किसानों को यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध न होने तथा कस्बा बंकी की जनसमस्याओं को लेकर जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने बताया कि जनपद बाराबंकी में किसानों को खेती के लिए आवश्यक यूरिया एवं डीएपी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पा रही है। सरकारी समितियों पर खाद की कमी के कारण किसान परेशान होकर इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। वहीं, किसानों द्वारा कुछ निजी खाद विक्रेताओं पर कथित रूप से खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी तथा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने के आरोप लगाए जा रहे हैं।संगठन ने मांग की कि जनपद की सभी सरकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाए। किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने के साथ ही निजी खाद विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर की जांच कराई जाए। कालाबाजारी, जमाखोरी एवं ओवररेटिंग करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए तथा खाद वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।ज्ञापन में कस्बा बंकी की जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने नगर पंचायत बंकी में गृहकर में कई गुना वृद्धि का मुद्दा उठाते हुए बढ़े हुए गृहकर की समीक्षा कर जनहित में उचित कमी किए जाने की मांग की।इसके अलावा कस्बा बंकी, तहसील नवाबगंज स्थित गाटा संख्या 1832 की भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में नॉन-ज़ेड-ए श्रेणी के अंतर्गत तालाब के रूप में दर्ज होने का दावा किया गया है, को पाटकर प्लाटिंग किए जाने की शिकायत की गई। संगठन ने मामले की तत्काल जांच कराकर प्लाटिंग पर रोक लगाने तथा भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराने की मांग की।बंकी रेलवे क्रॉसिंग से मोहम्मदपुर तिराहे तक सड़क निर्माण के बाद फुटपाथ ऊंचे और सड़क नीचे होने की समस्या को लेकर भी कार्रवाई की मांग की गई। वहीं बंकी पानी टंकी वाली रोड पर लंबे समय से जलभराव की समस्या का समाधान कराने तथा जलनिकासी की व्यवस्था कर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की गई।संगठन ने बड़े मियां रोड पर आबादी के बीच संचालित मुर्गा फार्म को लेकर जनस्वास्थ्य का मुद्दा उठाया। ज्ञापन में दुर्गंध, गंदगी एवं संक्रमण के खतरे का हवाला देते हुए संबंधित विभाग से जांच कराकर मुर्गा फार्म को आबादी से दूर कराने की मांग की गई।मोहम्मदपुर तिराहे से मांजपुर वे तक बनी सड़क की गुणवत्ता की जांच कराकर तत्काल मरम्मत कराने की मांग भी की गई। संगठन के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति को लेकर ठेकेदार को लगभग पांच माह पूर्व नोटिस दिए जाने के बावजूद अभी तक कोई प्रभावी कार्य नहीं कराया गया है।

इसके अलावा कस्बा बंकी में नालों की जड़ तक पूर्ण सफाई कराकर जलभराव, गंदगी एवं जलनिकासी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई।ज्ञापन में नगर पंचायत बंकी की नई पानी की टंकी की चारदीवारी को कथित रूप से क्षतिग्रस्त कर निजी प्लाटिंग के लिए रास्ता दिए जाने की शिकायत भी की गई। संगठन ने पूरे मामले की तत्काल जांच कराने, दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सरकारी संपत्ति और चारदीवारी को पूर्व स्थिति में बहाल कराने की मांग की।भारतीय किसान मजदूर यूनियन दशहरी संगठन ने प्रशासन से किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराने तथा कस्बा बंकी की जनसमस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उक्त समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हुई, तो संगठन द्वारा 4 अगस्त, सोमवार को गन्ना संस्थान में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। संगठन ने कहा कि इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।मुख्य रूप से मौजूद रहे रमेश चंद्र वर्मा एडवोकेट प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, सुशील कुमार यादव,सिद्धार्थ गौतम एडवोकेट, दिलशाद हुसैन,शिवम यादव एडवोकेट, सर्वेश कुमार यादव, तूफ़ान सिंह एडवोकेट, अजय वर्मा, रोहित एडवोकेट, आकाश रावत समेत तमाम साथी और अधिवक्ता साथी मौजूद रहे |

Friday, 3 April 2026

इतिहास पर बुलडोज़र! ‘घल-घलउव्वा कुआं’ ध्वस्त कर खड़ा किया मकान—बाराबंकी में सरकारी धरोहर पर कब्जे का आरोप”


 

बाराबंकी के बंकी कस्बे में प्राचीन सार्वजनिक धरोहर पर कब्जे का मामला; अधिवक्ता राहुल मिश्रा ने राजस्व संहिता-2006 व IPC की धाराओं का हवाला देकर कार्रवाई की मांग की




प्राइम भारत न्यूज 


रिपोर्ट_ ऋषभ सैनी 




बाराबंकी, संवाददाता।

जनपद के तहसील नवाबगंज अंतर्गत कस्बा बंकी के उत्तर टोला क्षेत्र में स्थित प्राचीन “घल-घलउव्वा कुआं” को कथित रूप से ध्वस्त कर उस पर अवैध तरीके से मकान व दुकान निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सिविल कोर्ट बाराबंकी के अधिवक्ता राहुल मिश्रा ने आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से जांच व कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में कहा गया है कि उक्त कुआं लंबे समय से क्षेत्र की सार्वजनिक धरोहर रहा है और स्थानीय लोगों के उपयोग में आता रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, पूर्व में इस स्थल पर सरकारी डाकघर की पोस्ट भी संचालित होती थी, जिससे इसके सार्वजनिक एवं सरकारी स्वरूप की पुष्टि होती है।

आरोप है कि उत्तर टोला निवासी मोहम्मद सुहैल ने कथित रूप से उक्त ऐतिहासिक कुएं को ध्वस्त कर दिया और उस भूमि पर अवैध रूप से निजी मकान व दुकान का निर्माण कर लिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कृत्य न केवल सरकारी भूमि पर अतिक्रमण है, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को क्षति पहुंचाने जैसा गंभीर मामला भी है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के अंतर्गत सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का प्रावधान है। वहीं, भारतीय दंड संहिता की धारा 425 के तहत सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है। इसके अतिरिक्त, यदि उक्त स्थल पुरातात्विक महत्व का पाया जाता है, तो प्राचीन स्मारक एवं पुरातात्विक स्थल एवं अवशेष अधिनियम-1958 के प्रावधान भी लागू हो सकते हैं।

अधिवक्ता राहुल मिश्रा ने प्रशासन से मांग की है कि प्रकरण की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच कराते हुए स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। यदि भूमि सरकारी अथवा सार्वजनिक धरोहर के रूप में दर्ज पाई जाए, तो अवैध निर्माण को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। साथ ही, संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाए।

इसके अतिरिक्त, राजस्व विभाग, नगर निकाय, डाक विभाग तथा पुरातत्व विभाग को प्रकरण से अवगत कराते हुए ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण एवं पुनर्स्थापन की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।


फिलहाल इस प्रकरण में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत पर जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


Tuesday, 17 February 2026

बाराबंकी कचहरी में आगजनी का तांडव: धर्मांतरण केस की पृष्ठभूमि में वकील के चैंबर को फूंका, सैकड़ों आक्रोशित अधिवक्ताओं का हंगामा, आरोपी के भाई पर संलिप्तता के आरोप; बार एसोसिएशन से निलंबन की मांग तेज

         


          प्राइम भारत न्यूज 

रिपोर्ट_ अवनीश गुप्ता (लक्की)

बाराबंकी। जिला न्यायालय परिसर मंगलवार दोपहर उस समय तनाव और अफरा-तफरी का केंद्र बन गया, जब सैकड़ों अधिवक्ता धर्मांतरण से जुड़े एक संवेदनशील प्रकरण को लेकर अचानक आक्रोशित हो उठे। निबंधन कार्यालय के पास स्थित अधिवक्ता जफर हयात के चैंबर में आग लगा दी गई, जिससे पूरे परिसर में धुआं फैल गया और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना लगभग तीन बजे की है। अधिवक्ता श्रवण सिंह, अमित शुक्ला और आशीष राठौर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील एकत्र हुए और सीधे संबंधित चैंबर तक पहुंच गए। देखते ही देखते चैंबर में आग लगा दी गई। आग की लपटों और धुएं से न्यायालय परिसर में दहशत का माहौल बन गया तथा कामकाज प्रभावित हुआ।

प्रदर्शनकारी वकीलों का आक्रोश मुख्य रूप से अधिवक्ता कमर हयात इदरीसी पर केंद्रित बताया जा रहा है, जो कोतवाली नगर क्षेत्र के आजादनगर निवासी हैं। उनके खिलाफ गोमतीनगर थाने में गंभीर आरोप दर्ज होने की चर्चा है—जिनमें युवतियों को नौकरी का झांसा देकर शोषण, आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उन्हें वायरल या बेचने जैसे आरोप शामिल बताए जा रहे हैं। आंदोलनरत अधिवक्ताओं का आरोप है कि इन कथित कृत्यों में उनके भाई जफर हयात की भी संलिप्तता हो सकती है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि संबंधित अधिवक्ताओं को जिला बार एसोसिएशन से तत्काल निलंबित किया जाए, ताकि अधिवक्ता समुदाय की गरिमा और न्याय व्यवस्था की साख बनी रहे।

इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह वर्मा ने दूरभाष पर बताया कि वे उस समय कानपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में थे और उन्हें घटना की विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई औपचारिक शिकायत या प्रस्ताव प्राप्त होता है, तो बार की कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।

आगजनी की घटना के बाद न्यायालय परिसर में देर तक तनाव बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई। यह घटना अधिवक्ता समुदाय के भीतर उभरते आक्रोश और न्यायिक परिसर में अनुशासन व नैतिकता से जुड़े गंभीर प्रश्नों को फिर से उजागर करती है।

Monday, 16 February 2026

जैदपुर में ‘ख्वाजा गरीब नवाज होटल’ का भव्य शुभारंभ, पूर्व चेयरमैन रियाज़ अहमद ने फीता काटकर किया उद्घाटन

 


प्राइम भारत न्यूज 

रिपोर्ट_ मो आसिफ

जैदपुर (बाराबंकी)। कस्बे के मोहल्ला मोलवी कटरा स्थित पानी टंकी चौराहे पर सोमवार सुबह लगभग 11 बजे ‘ख्वाजा गरीब नवाज होटल’ का शुभारंभ भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। होटल का उद्घाटन पूर्व चेयरमैन रियाज़ अहमद ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों ने उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।कार्यक्रम में पूर्व सभासद इकराम जावेद, खान सहवार हुसैन, शहाबुद्दीन सिद्दीकी, कैफ़ी खान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।होटल के संचालक मो. जाबिर अंसारी ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान पर उच्च गुणवत्ता की ताज़ी मिठाइयां ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां छेना-खोवे की बर्फी, पेड़ा, गोछिया, मेवे के लड्डू, केक सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयां स्वयं उनके हाथों से तैयार की जाएंगी। साथ ही शुगर फ्री मिठाइयों की भी विशेष व्यवस्था रहेगी। देशी घी से बनी शुद्ध मिठाइयां हर समय उपलब्ध रहेंगी तथा शादी-विवाह व अन्य आयोजनों के लिए ऑर्डर पर विशेष मिठाइयां तैयार की जाएंगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस होटल के खुलने से क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों और खानपान की बेहतर सुविधा मिलेगी। उद्घाटन समारोह के साथ ही होटल ने ग्राहकों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं।

लखनऊ पब्लिक स्कूल एंड कॉलेजेस की बाराबंकी शाखा का बड़ा ऐलान: अब 12वीं तक सीबीएसई, साथ में NEET–JEE से IELTS तक विशेष तैयारी



 डॉ. एस.पी. सिंह का दावा— “गुणवत्ता, नवाचार और ग्लोबल स्टैंडर्ड के साथ बाराबंकी बनेगा शिक्षा का उभरता केंद्र*


 प्राइम भारत न्यूज 

    ऋषभ सैनी 

बाराबंकी। शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए लखनऊ पब्लिक स्कूल ने कक्षा 12 तक सीबीएसई संबद्धता मिलने की घोषणा की है। सोमवार को आयोजित विशेष प्रेस वार्ता में संस्थापक चेयरमैन एवं सांसद डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि अब विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।उन्होंने बताया कि विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लर्निंग टूल्स, दक्षता-आधारित शिक्षण मॉडल और नियमित शिक्षक प्रशिक्षण के माध्यम से आधुनिक शिक्षा प्रणाली लागू की गई है। विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।महाप्रबंधक हर्षित सिंह ने जानकारी दी कि छात्रों को NEET, IIT JEE, CLAT, CAT, IPMAT और CUET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ-साथ IELTS एवं TOEFL की भी विशेष तैयारी कराई जाएगी, ताकि विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।विद्यालय में “स्टूडेंट ग्रोथ ट्रैकिंग सिस्टम” और विदेशी शिक्षाविदों के मार्गदर्शन में नवीन असेसमेंट प्रक्रिया लागू की गई है, जिससे प्रत्येक छात्र की शैक्षणिक प्रगति और व्यक्तित्व विकास पर निरंतर निगरानी रखी जा सके।सांसद डॉ. सिंह ने शिक्षा बजट पर भी स्पष्ट रुख रखते हुए कहा कि शिक्षा पर कम से कम 6 प्रतिशत व्यय किया जाना चाहिए, जबकि वर्तमान में यह लगभग 2.7 प्रतिशत के आसपास है। उन्होंने UGC की भूमिका का समर्थन करते हुए उच्च शिक्षा में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या ने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि लखनऊ पब्लिक स्कूल, बाराबंकी शाखा क्षेत्र में शिक्षा का नया मानदंड स्थापित करेगा।

Sunday, 15 February 2026

बाराबंकी में भाकियू टिकैत का मानवता का महादान: 16 कार्यकर्ता बने ‘रक्त महादानी

 स्वैच्छिक रक्तदान से जीवन बचाने का संकल्प, 17 फरवरी को दादनपुर चौराहा फतेहपुर में राष्ट्रीय महापंचायत में दिखेगी किसानों की एकजुटता






प्राइम भारत न्यूज

रिपोर्ट_ ऋषभ सैनी 

बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत की बाराबंकी इकाई ने सामाजिक सरोकार का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए जिला अस्पताल में आयोजित मासिक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 16 सक्रिय कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान कराया। रक्तदाताओं को संगठन की ओर से ‘रक्त महादानी’ के रूप में सम्मानित किया गया।प्रत्येक माह की 15 तारीख को आयोजित होने वाले इस शिविर में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हुए। 16 कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान का माध्यम बनते हुए समाज में रक्तदान को जन-आंदोलन का रूप देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव उत्तम सिंह ने कहा,“स्वैच्छिक रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। इसे जन-आंदोलन बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।”मध्यांचल सचिव मोहम्मद इस्माइल ने किसानों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा,

“17 फरवरी को दादनपुर चौराहा, फतेहपुर में प्रस्तावित राष्ट्रीय महापंचायत किसानों की आवाज को पूरे प्रदेश में मजबूती देगी।”

जिला अध्यक्ष हौसला प्रसाद ने अपील की,“हर स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए।”मध्यांचल उपाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा,

“रक्तदान समाज के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, क्योंकि इससे किसी को नई जिंदगी मिल सकती है।”मंडल महासचिव अनिल वर्मा ने कहा,“रक्तदान न केवल जीवन बचाता है, बल्कि समाज में सहयोग और भाईचारे की भावना को भी सशक्त करता है।”युवा जिला उपाध्यक्ष अमित सोनी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा,“सुरक्षित रक्तदान पूरी तरह वैज्ञानिक प्रक्रिया है। युवाओं और किसान-मजदूरों को भ्रम दूर कर आगे आना चाहिए। राष्ट्रीय महापंचायत युवाओं के लिए जुड़ने और सीखने का बड़ा अवसर होगी।”सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा—“रक्तदान महादान है, इससे बड़ा कोई दान नहीं।”

रक्तदाताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी राजेश वर्मा, तहसील अध्यक्ष नवाबगंज शिवनारायण वर्मा, बंकी ब्लॉक अध्यक्ष रामानंद वर्मा, हरख ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।रक्तदान कार्यक्रम के बाद देवा नगर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। देवा नगर अध्यक्ष मोहम्मद शकील, देवा ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद अरशद अली और मध्यांचल प्रवक्ता बलराम यादव के नेतृत्व में 17 फरवरी को दादनपुर चौराहा में प्रस्तावित राष्ट्रीय महापंचायत की तैयारियों की समीक्षा की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता के संबोधन को सुनने के लिए संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। बंकी, देवा और मसौली ब्लॉक से कम से कम 500 लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया। जनसंपर्क अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए।अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने किसान हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती और एकजुटता के साथ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

भाकियू टिकैत इकाई ने रक्तदान और किसान एकता के इस दोहरे संदेश के माध्यम से यह साबित कर दिया कि संगठन न केवल किसान हितों के लिए संघर्षरत है, बल्कि समाज सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार अरशद जमाल गंभीर रूप से घायल

प्राइम भारत न्यूज रिपोर्ट_ मो अहमद बाराबंकी। जनपद के वरिष्ठ पत्रकार व राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एवं समय न्यूज़ से ...