Sunday, 11 May 2025

नीलगाय की टक्कर से पत्रकार प्रेस महासंघ जिलाध्यक्ष सड़क हादसे में घायल


 

     प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क _ मोहम्मद अहमद 



कार हुई क्षतिग्रस्त, चेहरे सहित कई जगह आईं चोटें, संगठन के पदाधिकारी पहुंचे अस्पताल

बाराबंकी। पत्रकार प्रेस महासंघ के जिलाध्यक्ष और इलेक्ट्रॉनिक टीवी चैनल के ब्यूरो चीफ जितेन्द्र कुमार शुक्ला शनिवार को एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। वह हैदरगढ़ से जिला मुख्यालय लौट रहे थे कि तभी अचानक तेज रफ्तार से दौड़ती हुई एक नीलगाय उनकी कार की विंडस्क्रीन पर कूद पड़ी, जबकि दूसरी नीलगाय कार के बांयी ओर से टकरा गई। हादसे में कार की विंडस्क्रीन और दाहिनी ओर का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, साथ ही गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्य से वाहन की गति धीमी होने के कारण कार पलटने से बच गई। बावजूद इसके श्री शुक्ला के चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। हादसे की जानकारी मिलते ही पत्रकार प्रेस महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय वर्मा पंकज, वरिष्ठ पत्रकार राहुल त्रिपाठी, प्रदेश कार्यालय प्रभारी ऋषभ सैनी, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद अहमद, अवनीश गुप्ता उर्फ लकी, अरशद जमाल, योगेश मौर्या, चौधरी उस्मान अली, समाजसेवी विनोद कुमार "बिन्नी सहित कई जुझारू पत्रकार मौके पर पहुंचे और श्री शुक्ला को तत्काल जिला चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहाँ उनकी प्राथमिक चिकित्सा की गई।

Friday, 9 May 2025

जिला बार एसोसिएशन चुनाव में नरेन्द्र हुए अध्यक्ष, रामराज महामंत्री तो रितेश वरिष्ठ उपाधयक्ष अध्यक्ष पद को लेकर दिन भर बनी रही उत्सुकता


 

   प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क _ ऋषभ सैनी 


बाराबंकी। जिला बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर दिन भर काउंटिंग चलती रही। कुल 108 चक्रों में चार स्थानों पर हो रही काउंटिंग में अध्यक्ष पद को लेकर काफी कम अंतर से लड़ाई देर शाम तक चलती रहीं। देर शाम नरेन्द्र कुमार वर्मा कुल 647 मत पाकर विजयी निर्वाचित हुई। वहीं दूसरे स्थान पर प्रबल दावेदार रमन लाल द्विवेदी को कुल 545 मत मिले वहीं तीसरे स्थान पर रहे अध्यक्ष पद के दावेदार नरेश कुमार सिंह को कुल 368 मत मात्र प्राप्त हुए।

इसी तरह महामंत्री पद पर विजयी रहे रामराज यादव को कुल 725 मत प्राप्त हुए तो वहीं दूसरे स्थान पर रहे प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को 492 तो शाहीन अख्तर को मात्र 447 मत प्राप्त हुए।


वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर विजयी रहे क्रांतिकारी अधिवक्ता रितेश कुमार मिश्रा 812 मत मिले तो वहीं दूसरे स्थान पर दावेदार रहे दिलीप कुमार गुप्ता को 505 मत मिले। इसी तरह उपाध्यक्ष प्रथम पर निर्वाचित हुए पवन कुमार मिश्रा को 552 मत मिले तो दूसरे स्थान पर रहे राम कुमार वर्मा को मात्र 472 मत मिले। उपाध्यक्ष द्वितीय पर निर्वािचत हुए मनोज कुमार सिंह को 627 मत मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे सतीश कुमार पाण्डेय को 447 मत मिले। कोषाध्यक्ष पर विजयी हुए अनुराग शुक्ला को 794 मत मिले तो दूसरे स्थान पर रहे सहदेव मौर्य को मात्र 547 मत ही मिले। इसी तरह संयुक्त मंत्री प्रशासन पर 840 मत पाकर देवराम यादव निर्वाचित घोषित हुए तो 520 मत पाकर संयुक्त मंत्री पुस्तकालय प्रभारी पद पर सुषमा शर्मा निर्वाचित घोषित हुईं। इसी तरह वरिष्ठ सदस्य पद क्रमानुसार पंकज कुमार वर्मा, अम्बरीश श्रीवास्तव, सतीश चन्द्र सोनी, संतोष कुमार, रमेश चन्द्र भारती, ओमप्रकाश श्रीवास्तव आदि छह लोग निर्वाचित घोषित हुए।

अधिवक्ताओं ने विजयी पदाधिकारियों का नारे लगाकर गुलाल खेल व माल्यार्पण कर स्वागत किया। तो परिणाम को लेकर पंकज कुमार श्रीवास्तव सहित तमाम अधिवक्ताओं ने सभी को बधाई दी।


Thursday, 8 May 2025

शादी के मण्डप से प्रेमी संग फरार हुई युवती का शव लेने से परिजनों ने किया इंकार

   प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क _ ऋषभ सैनी 


मसौली, बाराबंकी। थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर मजरे भरथीपुर में प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने वाली युवती शिल्पा यादव का शव 24 घंटे से अधिक समय से पोस्टमार्टम हाउस में लावारिस पड़ा है। युवती के पिता और परिजनों ने शव लेने से साफ इनकार कर दिया है, जिससे प्रशासन भी असमंजस की स्थिति में है।

जानकारी के अनुसार, 5 मई को शिल्पा यादव अपनी शादी के मंडप से प्रेमी भानुप्रताप सिंह के साथ फरार हो गई थी। अगले ही दिन दोनों के शव गांव से करीब 500 मीटर दूर एक आम के बाग में पेड़ से लटके मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद भानुप्रताप सिंह के परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार कर चुके हैं। मगर शिल्पा के परिजनों ने उसका शव लेने से इनकार कर दिया है।

युवती के पिता राजबहादुर यादव ने स्पष्ट कहा कि बेटी की इस हरकत से उन्हें समाज में भारी अपमान झेलना पड़ा है, और इसी कारण उन्होंने उससे सभी संबंध समाप्त कर दिए हैं। उन्होंने 6 मई को सहादतगंज पुलिस चौकी में लिखित रूप से यह जानकारी भी दी थी कि दोनों शवों का अंतिम संस्कार प्रेमी के परिजन एक साथ करें, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया, परंतु वे शव लेने को तैयार नहीं हैं। युवती का शव अभी भी मर्चरी में रखा हुआ है।


परिवार के बावजूद लावारिस हुई शिल्पा

शिल्पा यादव का परिवार काफी बड़ा है — पिता राजबहादुर, चार चाचा, दो भाई और पांच बहनें हैं, जिनमें एक की मृत्यु हो चुकी है। इतने बड़े परिवार के बावजूद कोई भी शिल्पा का अंतिम दर्शन करने तक को तैयार नहीं है।

प्रेम और सामाजिक मान्यताओं के टकराव से उपजा यह मामला एक बार फिर सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर समाज में इज्जत और रिश्तों के बीच इंसानियत की जगह कहाँ खो गई है।


रक्तदान अभियान में दिखी जिला अस्पताल की नई तस्वीर, सीएमएस डॉ. वी.पी. सिंह की पहल से संस्थाएं हुईं प्रेरित


   प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क _ उस्मान चौधरी 
 

बाराबंकी। बाराबंकी जिला अस्पताल एक नई दिशा में अग्रसर होता दिख रहा है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. वी.पी. सिंह की सक्रियता और जनहितैषी सोच के चलते स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी उल्लेखनीय परिवर्तन दिखाई दे रहा है।

8 मई को अस्पताल परिसर में आयोजित रक्तदान जागरूकता अभियान इसका ताज़ा उदाहरण है। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने जिले की कई सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं को आमंत्रित कर उन्हें रक्तदान के प्रति जागरूक किया और इसके महत्व को विस्तार से समझाया। उनके प्रेरक संदेशों का ही परिणाम रहा कि मौके पर ही कई संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

डॉ. सिंह ने कहा, "रक्तदान सिर्फ एक दान नहीं, यह जीवन देने वाला संकल्प है। समाज को इसके प्रति जागरूक करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।" उनके इस विचार ने कई युवाओं और संस्थाओं को रक्तदान की ओर प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में एक और सकारात्मक दृश्य देखने को मिला—जिलाधिकारी के निर्देश पर लागू ड्रेस कोड का सख्ती से पालन। अस्पताल के समस्त कर्मचारी निर्धारित ड्रेस में नजर आए, जो अनुशासन और पेशेवर कार्य संस्कृति की झलक देता है।

डॉ. वी.पी. सिंह के नेतृत्व में बाराबंकी जिला अस्पताल न केवल चिकित्सा सेवाओं में सुधार की दिशा में कार्य कर रहा है, बल्कि सामाजिक चेतना के क्षेत्र में भी एक मिसाल कायम कर रहा है। उनका यह प्रयास जिले में स्वास्थ्य और मानव सेवा के क्षेत्र में एक नई सोच और ऊर्जा का संचार कर रहा है।

Tuesday, 6 May 2025

जिला बार एसोसिएशन चुनाव: पहले दिन 57 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, कचहरी परिसर में चुनावी गहमा-गहमी चरम पर


 

    प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क_ उस्मान चौधरी 


बाराबंकी। जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सोमवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन अध्यक्ष, महामंत्री समेत कुल 21 पदों के लिए 57 दावेदारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

नामांकन प्रक्रिया के आरंभ होते ही कचहरी परिसर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई। सुबह से ही अधिवक्ताओं की भीड़ उमड़ी रही और परिसर में गहमा-गहमी का माहौल देखने को मिला। चुनाव प्रचार भी चरम पर पहुंच चुका है। कचहरी के भीतर कुर्सियों से लेकर आसपास के होटलों व रेस्टोरेंट्स तक हर जगह प्रत्याशी और उनके समर्थक प्रचार में जुटे नजर आए।

वरिष्ठ समिति के सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार बुधवार से पम्पलेट, कार्ड व पोस्टर जैसे प्रचार साधनों का उपयोग सीमित हो जाएगा, लेकिन व्यक्तिगत संपर्क और समर्थन जुटाने का दौर जारी रहेगा।

युवा और अनुभवी अधिवक्ताओं में जबरदस्त उत्साह

वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए क्रांतिकारी अधिवक्ता रितेश मिश्रा मैदान में हैं, जिन्हें जनहित में किए गए जुझारू कार्यों को लेकर अधिवक्ताओं का विश्वास प्राप्त हो रहा है। वहीं, कनिष्ठ कार्यकारिणी पद पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे युवा अधिवक्ता हिमालय जायसवाल ने बताया कि यह उनका पहला चुनाव है, और उन्हें अधिवक्ताओं से सहयोग की पूरी उम्मीद है। उनका कहना है, “यदि अधिवक्ता एकता का आशीर्वाद मिला, तो मैं एसोसिएशन के कार्यों में पूर्ण समर्पण के साथ जुट जाऊंगा।”

प्रचार के दौरान एडवोकेट अजहर हनीफ, एडवोकेट मोहम्मद शादाब, एडवोकेट सौरभ वर्मा, एडवोकेट अनीता तिवारी, एडवोकेट मोहम्मद इशराक सहित कई अधिवक्ता सक्रिय रूप से नजर आए।

रामपुर कटरा में पसमान्दा समाज के हक़ में गूंजी आवाज, वक़्फ विधेयक पर जागरूकता चौपाल का आयोजन, वक़्फ संपत्तियों की पारदर्शिता पर जोर, वसीम राईन बोले – “अब न्याय मिलने की उम्मीद जगी है


 

  प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क _ ऋषभ सैनी 


बाराबंकी। रामनगर विधानसभा के ग्राम रामपुर कटरा में ऑल इंडिया पसमान्दा मुस्लिम महाज की ओर से एक महत्वपूर्ण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़बीर राईन ने की और इसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर समाज के अधिकारों और हितों के प्रति जागरूकता फैलाना था।

मुख्य वक्ता के रूप में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तावित वक़्फ संशोधन विधेयक पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इसे वक़्फ संपत्तियों की पारदर्शिता, जवाबदेही और संरक्षण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक वर्षों से वंचित पसमान्दा समाज के लिए न्याय की उम्मीद जगाता है और वक़्फ संपत्तियों के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करेगा।

वसीम राईन ने समाज को आगाह किया कि झूठी अफवाहों से सतर्क रहें और संगठित होकर अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब पसमान्दा समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।

जिला उपाध्यक्ष हाजी नुरुल हसन अंसारी ने कहा कि यह चौपाल केवल विचार-विमर्श का मंच नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और संगठित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। उन्होंने वसीम राईन की उस सोच की सराहना की जिसमें समाज के वंचित वर्गों की शासन-प्रशासन में भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई।

इस अवसर पर कारी मक़बूल साहब, निसार राईन, सईद राईन, मीडिया प्रभारी रिजवान राईन, नूरुद्दीन अंसारी, पूर्व डी डी सी इस्राइल अंसारी, मुह्यद्दीन अंसारी, हाफिज मो. असलम, मो. सदाब, अली जान राईन, नईम आरफ़ी, मुबारक राईन सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक संकल्प लिया गया कि समाज की भलाई और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन के साथ मिलकर निरंतर कार्य किया जाएगा।

Monday, 5 May 2025

फतेहपुर तहसील के मेडिकल स्टोर्स का औषधि निरीक्षक सीमा सिंह ने किया औचक निरीक्षण


 

   प्राइम भारत न्यूज़ 

न्यूज डेस्क_ ऋषभ सैनी 


अनियमितताओं पर सख़्त चेतावनी – कैमरे न लगे होने पर दो दिन की मोहलत


फतेहपुर, बाराबंकी। 5 मई, जनपद में नशीली एवं प्रतिबंधित औषधियों के अवैध क्रय-विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में सोमवार को औषधि निरीक्षक सीमा सिंह ने फतेहपुर तहसील में स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उपजिलाधिकारी फतेहपुर के निर्देशन में किया गया, जिसमें मेसर्स निधि ड्रग स्टोर, श्याम सुंदर मेडिकोज, तनमय पटेल मेडिकल स्टोर, संजय मेडिकल स्टोर, तथा अंसारी मेडिकल स्टोर शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान शेड्यूल H-1 और नारकोटिक्स श्रेणी की औषधियों की बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। जांच के दौरान केवल श्याम सुंदर मेडिकोज पर ही निगरानी कैमरे संचालित पाए गए। शेष सभी मेडिकल स्टोर्स को दो दिवस की मोहलत दी गई है, जिसके भीतर उन्हें अपने प्रतिष्ठानों में कैमरे स्थापित कर संचालन शुरू करना अनिवार्य होगा। औषधियों की बिक्री में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। निरीक्षण के दौरान चार औषधियों के नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए संग्रहित किए गए हैं। औषधि निरीक्षक ने निर्देशित किया कि सभी संचालक औषधियों का क्रय-विक्रय केवल नियमानुसार ही करें तथा शिड्यूल H-1 और नारकोटिक्स औषधियों से संबंधित समस्त अभिलेख अद्यतन एवं विधिसम्मत रूप से सुरक्षित रखें। साथ ही मेडिकल स्टोर्स में कैमरे नियमित रूप से संचालित हों, जिनकी जांच किसी भी समय की जा सकती है।निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर यह चेतावनी दी गई है कि भविष्य में दोषी पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी। समस्त निरीक्षण रिपोर्ट औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय), अयोध्या मंडल को अग्रेषित कर दी गई है, ताकि नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार अरशद जमाल गंभीर रूप से घायल

प्राइम भारत न्यूज रिपोर्ट_ मो अहमद बाराबंकी। जनपद के वरिष्ठ पत्रकार व राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एवं समय न्यूज़ से ...