Tuesday, 29 July 2025

समय और शिक्षा का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है” – पंकज गुप्ता ‘पंकी’


  प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क_ ऋषभ सैनी 


बाराबंकी। डलपुरवा गांव की प्रतिभाशाली बालिका पूजा पाल ने नवाचार के क्षेत्र में ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो न सिर्फ उसके गांव बल्कि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय बन गया है। उसकी वैज्ञानिक सोच और अभिनव प्रयास के लिए इंडियन स्टूडेंट पॉवर संस्था ने उसे विशेष रूप से सम्मानित किया। संस्था के संरक्षक एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंकज गुप्ता ‘पंकी’ स्वयं डलपुरवा पहुंचकर पूजा को सम्मानित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूजा को कुर्सी, मेज, बैग, स्मार्ट वॉच, अलार्म वॉच और टेबल लैंप जैसी बहुउपयोगी शैक्षिक सामग्री भेंट की और भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

इस अवसर पर पंकज गुप्ता ने प्रेरणादायक शब्दों में कहा –

"तुम्हारी शख़्सियत से ये सबक लेंगी नई नस्लें, वही मंज़िल पे पहुँचा है जो अपने पाँव चलता है..."

उन्होंने कहा कि पूजा पाल ने अपने सीमित संसाधनों के बावजूद एक धूल रहित थ्रेसर मशीन का निर्माण कर यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा किसी साधन की मोहताज नहीं होती। यह मॉडल पर्यावरण के साथ-साथ किसानों के स्वास्थ्य के लिए भी वरदान साबित हो सकता है।

पूजा के इस अद्भुत प्रयास को देखते हुए इंडियन स्टूडेंट पॉवर के अध्यक्ष सिद्धार्थ कनौजिया ने उसे ‘बाल वैज्ञानिक’ की उपाधि से नवाजा और स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे होनहार बच्चों को प्रोत्साहित करना केवल संस्था नहीं, बल्कि समाज की भी ज़िम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान मोहम्मद शादाब, जया श्रीवास्तव, आशीष सिंह, अमित सिंह, रवि धीमान, बृजेश गौतम, कपिल कनौजिया, श्रवण कुमार सहित कई सम्मानित जन उपस्थित रहे।



 

Sunday, 27 July 2025

औसानेश्वर महादेव मंदिर में करंट से मचा कोहराम, सावन सोमवार पर भगदड़ में दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन दर्जन से अधिक घायल


 

    प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क_ ऋषभ सैनी 

 

भीड़ में फैला करंट, मंदिर परिसर में अफरा-तफरी, बिजली के तार से हुआ हादसा


बाराबंकी।सावन के तीसरे सोमवार को जिले के प्रसिद्ध औसानेश्वर महादेव मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। जलाभिषेक के दौरान करंट फैलने से भगदड़ मच गई, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि करीब 38 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और दर्शन-पूजा कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गई। घटना सोमवार को सुबह लगभग 3 बजे की है जब मंदिर परिसर में जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बंदर बिजली के तार पर कूद गया, जिससे तार टूटकर मंदिर परिसर के टीन शेड पर गिर गया। करंट शेड में फैलते ही लोग बेकाबू हो गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

 हादसे में थाना लोनीकटरा के मुबारकपुरा निवासी 22 वर्षीय प्रशांत और एक अन्य श्रद्धालु की मौत हुई। दोनों को त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घायलों में से 10 को त्रिवेदीगंज सीएचसी ले जाया गया, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई गई और उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं हैदरगढ़ सीएचसी में 26 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से एक को गंभीर हालत में रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अपूर्व विजयवर्गीय तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया और चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा की। मंदिर परिसर की बिजली आपूर्ति को तत्काल बंद कर दिया गया और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।




महिला श्रद्धालु से बदसलूकी, चेन गायब और पुलिसिया रौब का वीडियो वायरल


   प्राइम भारत न्यूज

न्यूज डेस्क _ ऋषभ सैनी 


मजीठा मेले में सेवा की जगह सलूक में दिखा 'हिटलरी अंदाज़', दरोगा और महिला सिपाही पर गम्भीर आरोप, श्रद्धा को अपमान में बदलने वाली घटना से उठा पुलिस पर भरोसे का सवाल


बाराबंकी। जनपद के सतरिख थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मजीठा नाग देवता मंदिर में सावन के मेले के दौरान पुलिस व्यवस्था तैनात तो की गई थी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए, मगर एक महिला श्रद्धालु के साथ जो कुछ हुआ, उसने पुलिस के आचरण पर गहरे प्रश्न खड़े कर दिए हैं। पीड़िता महिला का आरोप है कि जब वह शिकायत दर्ज कराने गई, तो दरोगा ने उससे न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट तक पर उतर आए। वहीं महिला कांस्टेबल  पर चेन गायब करने का आरोप लगा है। महिला ने बताया कि कांस्टेबल ने पहले गले से पल्लू हटवाकर पूछा कि चेन सोने की है या नहीं, और फिर साड़ी में बांधने के बहाने चुपचाप गायब कर दी।

इस घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पीड़िता की व्यथा और पुलिस का रूखा व्यवहार साफ देखा जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर पुलिस का ऐसा व्यवहार न केवल महिला सम्मान के खिलाफ है, बल्कि धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंचाता है।

जनपद के आला अधिकारी जैसे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक, जहाँ लोगों की समस्याएं शालीनता और संवेदनशीलता से सुनते और समाधान करते हैं, वहीं ऐसे पुलिसकर्मी उस सकारात्मक छवि को धूमिल कर रहे हैं। मजीठा मेले की ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को यह सिखाना चाहिए कि जनता के साथ व्यवहार कैसे किया जाता है। दरअसल, कुछ वर्दीधारी अब हिटलरी सोच लेकर अपने पद का उपयोग नहीं, दुरुपयोग कर रहे हैं। लोगों का प्रश्न पूछना उन्हें अपनी "शान में गुस्ताखी" लगने लगा है, और जवाब में मिलता है अमर्यादित भाषा और दमन। ये रवैया लोकतंत्र में नहीं, तानाशाही में होता है – और इसपर तुरंत अंकुश लगाया जाना चाहिए। एक तरफ सरकार महिला सशक्तिकरण और पुलिस सुधार की बात करती है, वहीं दूसरी ओर मेले में श्रद्धालुओं को सुरक्षा देने के बजाय डर दिया जा रहा है। अगर ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं हुई तो यह न केवल पुलिस की छवि को, बल्कि प्रशासन की नीयत को भी कटघरे में लाएगा।

 

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, इंजी. जयदीप सिंह का हुआ भव्य स्वागत


   प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क _ ऋषभ सैनी 


हरख बाजार में व्यापारियों ने किया जोरदार स्वागत, युवाओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष इंजी. जयदीप सिंह का रविवार को हरख ब्लॉक सभागार में जोरदार स्वागत किया गया। सैकड़ों की संख्या में व्यापारियों की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक का आयोजन संगठन के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा के संयोजन में किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए इंजी. जयदीप सिंह ने कहा कि "युवा वर्ग किसी भी संगठन की रीढ़ की हड्डी होता है। जब तक संगठन में युवा सक्रिय नहीं होंगे, तब तक संगठन मजबूती से नहीं खड़ा हो सकता।" उन्होंने आगे कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हर समय उनके साथ खड़ा है। "यदि किसी व्यापारी को किसी भी प्रकार की परेशानी होती है, तो संगठन कंधे से कंधा मिलाकर उसका साथ देगा," उन्होंने कहा।

बैठक के दौरान संगठन विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें चट्टान सिंह को हरख बाजार अध्यक्ष, श्याम गुप्ता को सूरतगंज बाजार अध्यक्ष, एवं कृष्णा चौहान को युवा जिला अध्यक्ष के पद पर सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। कार्यक्रम में संगठन के अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से,  महामंत्री भूपेंद्र शुक्ला , जिला उपाध्यक्ष कृपाशंकर  शुक्ला, उपाध्यक्ष मोनू त्रिवेदी, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम टंडन, कोषाध्यक्ष मयंक गुप्ता, विधिक सलाहकार ऋषि कालरा, जिला मीडिया प्रभारी अमरेश शुक्ला,मंत्री असद साजिद, महफूज किदवई,शहर अध्यक्ष मन्नू लाल चौरसिया, शहर महामंत्री मुकेश त्रिवेदी,वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल गुप्ता, कोषाध्यक्ष सौरभ शर्मा, शहर उपाध्यक्ष संतोष कश्यप,शहर उपाध्यक्ष मनोज रस्तोगी, उपाध्यक्ष देवी शंकर रस्तोगी, मंत्री संतोष कश्यप, मंत्री अरुण कुमार  इत्यादि पदाधिकारी उपस्थित रहे सभी को बहुत बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया ।




Saturday, 26 July 2025

किसान नेतृत्व में युवा जोश की दस्तक: अमन शर्मा ‘सोनू’ बने अयोध्या युवा मंडल अध्यक्ष


  प्राइम भारत न्यूज

न्यूज डेस्क _ ऋषभ सैनी 


जिला अस्पताल में हार्ट स्पेशलिस्ट तक नहीं — भाकियू भानु ने खोली स्वास्थ्य तंत्र की पोल, बाराबंकी की जर्जर स्वास्थ्य सेवाओं पर बिफरा संगठन, कहा—अब सड़कों पर भी उतरेगी युवा क्रांति, मांगें नहीं मानीं तो होगा आंदोलन तेज


बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के सदस्यता अभियान को नई दिशा और गति देने के उद्देश्य से शनिवार को मंडल कार्यालय बड़ेल में संगठन ने अहम जिम्मेदारियां सौंपी। अमन शर्मा उर्फ सोनू शर्मा को युवा मंडल अध्यक्ष (अयोध्या) और मोहम्मद कदीर को युवा मंडल उपाध्यक्ष (अयोध्या) नियुक्त किया गया।कार्यक्रम के दौरान युवा प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव बब्लू ने कहा कि संगठन अब युवाओं के कंधों पर भरोसा जताकर जन-आंदोलन को मजबूत बनाएगा। उन्होंने बाराबंकी की चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा, “जिला अस्पताल में आज तक एक भी हार्ट स्पेशलिस्ट की नियुक्ति नहीं हुई — यह केवल स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि आमजन की जिंदगी से जुड़ा गंभीर संकट है।” उन्होंने ऐलान किया कि भाकियू भानु जल्द ही इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा।

अमन शर्मा और मोहम्मद कदीर की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। तालियों की गूंज और नारों के साथ दोनों नव-नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। संगठन ने विश्वास जताया कि ये युवा नेता किसानों की आवाज को हर मंच पर मजबूती से उठाएंगे।

इस मौके पर कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे_

धर्मेंद्र यादव बब्लू (युवा प्रदेश अध्यक्ष), रवि वर्मा (मंडल अध्यक्ष), खालिद खान (मंडल महामंत्री), देशराज वर्मा (युवा जिला अध्यक्ष), अमरेंद्र यादव (मंडल मंत्री छात्र सभा), रमन यादव (मंडल उपाध्यक्ष छात्र सभा), उस्मान वारसी (मंडल सचिव), सुनील यादव (किसान नेता), शिवम श्रीवास्तव (जिला महामंत्री छात्र सभा) सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Sunday, 20 July 2025

महिला गरिमा पर हमले बर्दाश्त नहीं, समाजसेवी निहाल अहमद सिद्दीकी ने उठाई आवाज, सांसद इकरा हसन के साथ खड़े हुए"




     प्राइम भारत न्यूज
न्यूज डेस्क_ मोहम्मद अहमद 


बाराबंकी। लोकतंत्र में महिलाओं की गरिमा और सम्मान के खिलाफ़ की जा रही अभद्र टिप्पणियों पर अब समाज ने भी सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। बाराबंकी के चर्चित समाजसेवी निहाल अहमद सिद्दीकी ने रविवार को प्राइम भारत संवाददाता मोहम्मद अहमद खास से बातचीत, में करणी सेना के एक पदाधिकारी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की। सिद्दीकी ने कहा—"जिस समाज में महिलाओं का अपमान खुले मंचों से होने लगे, वहां लोकतंत्र की आत्मा घायल होती है। सांसद बहन इकरा हसन पर की गई अभद्र टिप्पणी न केवल निंदनीय है बल्कि समाज की सोच पर भी सवाल खड़ा करती है।" निहाल अहमद सिद्दीकी ने स्पष्ट कहा कि आज तक किसी सांसद या विधायक ने इकरा हसन के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की, मगर खुद को करणी सेना का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बताने वाले योगेंद्र सिंह राणा ने मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और करणी सेना के शीर्ष नेतृत्व से अपील की कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्यवाही की जाए ताकि भविष्य में कोई भी बहन-बेटी के सम्मान पर उंगली उठाने की हिम्मत न कर सके। “नारी गरिमा पर प्रहार, लोकतंत्र पर हमला है।: समाजसेवी सिद्दीकी ने यह भी कहा कि सरकार को चाहिए कि अभद्र भाषा और विवादित बयानों पर तत्काल रोक लगाने के लिए कड़े कानून और सख्त कार्यवाही की प्रक्रिया अपनाए। ताकि कोई भी व्यक्ति अपने पद या संगठन की आड़ में महिलाओं के प्रति असभ्य आचरण न कर सके। आवाज उठाना जरूरी है: यह मामला केवल सांसद इकरा हसन का नहीं है, बल्कि हर उस महिला का है जो समाज में सम्मान की हकदार है। आज जरूरत है कि जनता जागे, अपने संवैधानिक अधिकारों को समझे और ऐसे बयानों के खिलाफ सख्त सामाजिक और कानूनी प्रतिकार करे। यह लड़ाई नारी सम्मान की है। लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की आज़ादी जरूरी है, मगर उसके नाम पर महिलाओं का अपमान—यह हरगिज़ बर्दाश्त नहीं। अब समय है कि समाज मिलकर कहे—महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त लगाम लगे!"

 

मौत के सौदागर बने डॉक्टर? मामूली बीमारी में ऑपरेशन और फिर मौत, आस्था हॉस्पिटल पर फिर उठे सवाल"


   प्राइम भारत न्यूज 

न्यूज डेस्क _ ऋषभ सैनी 


गले की तकलीफ में ऑपरेशन क्यों?', 'क्यों बिगड़ी हालत?', 'कब तक चलता रहेगा आस्था हॉस्पिटल का ये खौफनाक खेल?'


बाराबंकी। आस्था हॉस्पिटल — एक नाम, जो अब लोगों के लिए इलाज से ज़्यादा डर का पर्याय बन चुका है। इसी अस्पताल में रविवार को फिर एक दर्दनाक और संदिग्ध मौत हुई। मृतक युवक का नाम गुफरान था, जिसे शनिवार को मामूली गले और नाक की दिक्कत के चलते भर्ती किया गया था।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने हालात को बिना गंभीरता से समझे, सीधे ऑपरेशन की सलाह दी — और फिर वही हुआ जिसका डर था। ऑपरेशन के बाद गुफरान की तबीयत बिगड़ती चली गई, और रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई।

गम और गुस्से से भरे परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि गुफरान की हालत पहले से बिल्कुल सामान्य थी, लेकिन आस्था हॉस्पिटल ने उसे एक ‘कमाई के केस’ की तरह ट्रीट किया, नतीजा – मौत।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली प्रभारी अस्पताल पहुंचे और परिवार को कार्रवाई का भरोसा देकर मामला शांत कराया, लेकिन सवाल जस का तस है — क्या इस बार भी मौत की ये कहानी सिर्फ 'कार्रवाई के आश्वासन' में ही दफन हो जाएगी?

गौरतलब है कि ये कोई पहली घटना नहीं है। आस्था हॉस्पिटल पहले भी दर्जनों बार लापरवाही, फर्जीवाड़े और संदिग्ध इलाज के मामलों में घिर चुका है। लेकिन हर बार किसी अदृश्य 'प्रशासनिक छतरी' ने इसे बचा लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल की प्रशासन में गहरी पकड़ है, इसलिए चाहे जितनी भी बड़ी लापरवाही हो, जांच या सज़ा की नौबत नहीं आती।

अब सवाल सिर्फ गुफरान की मौत का नहीं, बल्कि उस पूरे सिस्टम का है जो मौत के बाद भी चुप है।आख़िर कब तक आस्था हॉस्पिटल का ये ‘मौत का धंधा’ यूं ही चलता रहेगा?

तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार अरशद जमाल गंभीर रूप से घायल

प्राइम भारत न्यूज रिपोर्ट_ मो अहमद बाराबंकी। जनपद के वरिष्ठ पत्रकार व राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एवं समय न्यूज़ से ...